फल मंडी से दबोचा गया 22 वर्षीय आरोपी, पांच मुकदमों में पहले से है नामजद
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भिटौली थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 9:15 बजे गोरखपुर स्थित फल मंडी से गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी धनंजय पुत्र संजय डोम निवासी पहुनवा टोला, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना भिटौली में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध भिटौली तथा कोतवाली महराजगंज थानों में विभिन्न धाराओं में कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले भी शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव सहित थाना भिटौली के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

