महराजगंज। परतावल ब्लॉक के ग्राम पंचायत धनहा में स्थित जीडी नेशनल स्कूल में शनिवार को छात्र-छात्राओं ने उल्लासपूर्वक दीपोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर दीपों की पंक्तियों और रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजा नजर आया।
छात्रों ने मिशन शक्ति 5, वीर गाथा, स्वच्छ भारत, विकसित भारत 2047, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा अपना परतावल स्वच्छ परतावल जैसे सामाजिक विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर समाज को प्रेरक संदेश दिया। इनमें मिशन शक्ति थीम की रंगोली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने फूलों और प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं वीर गाथा थीम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने देश के महान वीरों के चित्र बनाकर देशभक्ति की भावना व्यक्त की। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने फूलों और पत्तियों से रंगोली बनाकर प्रकृति व दीपावली के जुड़ाव को दर्शाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाशंकर त्रिपाठी ने कहा कि भारत उत्सव प्रधान देश है, जहां प्रत्येक पर्व जीवन में नई ऊर्जा और प्रकाश का संचार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को दीपावली के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी दी।
अंत में छात्रों ने हस्तनिर्मित मिट्टी के दीप जलाकर पूरे विद्यालय परिसर को रोशनी से जगमगा दिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
