हल्की बारिश में सिसवा मुंशी चौराहा बना तालाब, राहगीर परेशान, बच्चे हो रहे घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल, महराजगंज। विकासखंड परतावल के सिसवा मुंशी चौराहे पर हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जा रही है। सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो रहा है और स्कूल जाने वाले बच्चों समेत राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन और गड्ढों के कारण कई बच्चे एवं बाइक सवार गिरकर घायल भी हो चुके हैं।


चौराहे पर जलभराव के कारण सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगी है। दुकानों के सामने बने गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बाइक सवार फिसलन के कारण असंतुलित हो रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।


यह चौराहा बेलवा बुजुर्ग, रघुनाथपुर बरगदही, विशुनपुर खुर्द, कमरिया सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण और व्यापारी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे बाजार आने-जाने में काफी दिक्कत होती है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौराहे पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। नालियां जाम पड़ी हैं और सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।


स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) परतावल से मांग की है कि सिसवा मुंशी चौराहे की सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा नालियों की सफाई कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्कूल खुलने के बाद किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *