पनियरा, महराजगंज। ग्रामसभा उसका, पनियरा निवासी दो बहनों के सिर से माता-पिता का साया उठने के बाद उनके भविष्य को लेकर परिवार गहरे संकट में था। ऐसे समय में हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के प्रबंधक मोहम्मद सलीम खान ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए आर्थिक सहायता के साथ उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी उठाई है।
जानकारी के अनुसार, रूही पटेल (कक्षा 12) और अंशु पटेल (कक्षा 8) के पिता का सात वर्ष पूर्व निधन हो गया था। हाल ही में उनकी माता का भी ब्रेन हैमरेज से देहांत हो गया। माता-पिता के निधन के बाद दोनों बहनों और उनके इकलौते भाई पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी आ गई, जिससे उनकी पढ़ाई पर भी संकट के बादल मंडराने लगे।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के प्रबंधक मोहम्मद सलीम खान उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए तत्काल जरूरतों के लिए ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही दोनों बहनों की विद्यालय की पूरी फीस माफ करते हुए इंटरमीडिएट तक की संपूर्ण शिक्षा का खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की।
क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के लिए पहचान रखने वाले मोहम्मद सलीम खान ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। उनके इस मानवीय कदम की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताते हुए अन्य सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

