महराजगंज। विज़न एकेडमी के क्राउन कक्ष में शनिवार को अलंकरण एवं शपथ-ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य अभिषेक पाण्डेय ने नवमनोनीत विद्यार्थी पदाधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता, सेवा तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और आदर्श आचरण का प्रतीक होता है।
विद्यालय नेतृत्व परिषद में सत्यम कुमार एवं आराध्या पाण्डेय को विद्यालय प्रमुख तथा प्रतीक पटेल एवं मुस्कान खरवार को उपप्रमुख बनाया गया। इसके अलावा भाषा, अनुशासन, क्रीड़ा, कला एवं शिल्प तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी विभिन्न छात्र-छात्राओं को दायित्व सौंपे गए।
समारोह के दौरान लाल, नील, हरित एवं पीत सदनों के प्रमुख एवं उपप्रमुखों का भी अलंकरण किया गया। साथ ही कक्षा प्रारम्भिक द्वितीय से लेकर कक्षा अष्टम तक के विद्यार्थियों को कक्षा प्रतिनिधि, भाषा प्रतिनिधि, अनुशासन प्रतिनिधि तथा सदन एवं गतिविधि प्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारियां प्रदान की गईं।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि “नेतृत्व पद की प्रतिष्ठा नहीं, उत्तरदायित्व की साधना है। यह अधिकार का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और आदर्श व्यवहार का संकल्प है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में नवमनोनीत छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से विद्यालय के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा का संकल्प दोहराया। शपथ के सामूहिक स्वर से पूरा क्राउन कक्ष नेतृत्व और कर्तव्य की भावना से गुंजायमान हो उठा। विद्यालय परिवार ने सभी छात्र पदाधिकारियों को उनके सफल एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

