हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
पनियरा /महराजगंज , पनियरा थाना क्षेत्र के बांकी रेंज अंतर्गत दौलतपुर बीट के जंगल में बृहस्पतिवार को एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव बभनौली-परतावल मार्ग के पास स्थित एक ईंट भट्टे से उत्तर दिशा में जंगल के भीतर साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच-पड़ताल तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद गुरुवार को जंगल में लकड़ी बीनने गई महिलाओं ने सबसे पहले शव को देखा और शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब 15 से 20 दिन पुराना हो सकता है। शव का निचला हिस्सा सड़ चुका था, जबकि ऊपरी भाग पर कपड़े नहीं थे। महिला के गले में लाल धागे में मंगलसूत्र, हाथों में कंगन और लाल चूड़ियां मिलने से उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है। यह मामला आत्महत्या का है या हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

