17 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता मिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार को एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव की चर्चाएं तेज हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार भैंसा गांव निवासी रुदल साहनी अपनी पत्नी के साथ एक परिजन का इलाज कराने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान उनका छोटा पुत्र राजकुमार (17) घर पर अकेला था। दोपहर करीब एक बजे उसने कमरे की छत में लगी कुंडी से फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी होने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक राजकुमार का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण दोनों परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन चुकी थी।
चर्चा है कि घटना से पहले किशोर और युवती के बीच मोबाइल फोन पर कई बार बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की भी चर्चा ग्रामीणों में है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सरोज देवी और पिता रुदल साहनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
भिटौली थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

