डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


प्रदेश प्रवक्ता बोले डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता, संगठन को करें और मजबूत

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल, 6 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को परतावल स्थित बंधन मैरेज हॉल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 23 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित हुआ। सम्मेलन की शुरुआत डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।


मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार और संस्कार आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।


उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी व्यवस्था का विरोध करते हुए “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उद्घोष किया था। राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने का कार्य किया है।


प्रदेश प्रवक्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को और मजबूत करें तथा आगामी विधानसभा चुनावों में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि महराजगंज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का गृह जनपद होने के कारण यहां के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।


जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर ही पार्टी लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।


सम्मेलन को समीर त्रिपाठी, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया तथा पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला ने भी संबोधित किया। विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।


इस अवसर पर जिला महामंत्री बबलू यादव, युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, पनियरा चेयरमैन उमेशचंद जायसवाल, घुघली चेयरमैन संतोष जायसवाल, चौक चेयरमैन प्रतिनिधि अजय मद्धेशिया, पूर्व चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल, परतावल प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, पनियरा प्रमुख वेदप्रकाश शुक्ल, भाजपा नेता अजय श्रीवास्तव, गोविंद जायसवाल, घुघली प्रमुख ओमप्रकाश जायसवाल, व्यापारी नेता बलराम गुप्ता, महाजन कश्यप, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, जनार्दन सिंह, तेज प्रताप मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *