सिसवा-निचलौल मार्ग पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस से टक्कर में तीन युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

सबया चिरैयोकोट पेट्रोल पंप के पास आमने-सामने भिड़ंत, चालक हिरासत में , जांच जारी

हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा सिसवा-निचलौल मार्ग पर स्थित सबया चिरैयोकोट पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब एक रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।


पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 8:15 बजे की है। निचलौल की ओर से आ रही रोडवेज बस और विपरीत दिशा से जा रही बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायलों की पहचान साहिल साहनी पुत्र डोमई, किसन साहनी पुत्र भीखम साहनी निवासीगण सोनबरसा थाना कोठीभार तथा अमरीश साहनी पुत्र रामजीयावन निवासी टेढ़वा थाना घुघली के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।


पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है तथा चालक लल्लन पुत्र रामाश्रय निवासी भिटौली बाजार टोला मटियाडीह थाना भिटौली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


तीनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच जारी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से विशेषकर रात्रि में सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *