पानी भरे गड्ढे से गेद निकलने गए दो वर्षीय मासूम बच्चे की डूबने से मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महाराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बड़गो में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के पास खेलते-खेलते गेंद निकालने की कोशिश में दो वर्षीय मासूम की पानी भरे गड्ढे में गिरकर डूबने से मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से गांव में मातम पसर गया और हर आंख नम हो गई।


जानकारी के मुताबिक, बड़गो गांव के टोला मंगलडीह निवासी नसीम अंसारी का इकलौता बेटा सन्नी शाम के समय अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद नाली की ओर चली गई। मासूम उसे निकालने आगे बढ़ा, तभी संतुलन बिगड़ गया और वह पास ही स्थित पानी भरे गड्ढे में गिर पड़ा। कम उम्र होने के कारण वह खुद को बाहर नहीं निकाल सका।


काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन शुरू की गई और करीब एक घंटे बाद गड्ढे में उसका शव मिला। परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


इकलौते बेटे की मौत से मां बेसुध होकर रोती रही, जबकि पिता गहरे सदमे में डूब गए। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचते रहे। उधर, उपनिरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि इस घटना की सूचना थाने पर नहीं दी गई है और न ही कोई तहरीर प्राप्त हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *