हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा खेखड़ा नाला के पास उस समय हुआ, जब सड़क पर अचानक आए खच्चर से उसकी बाइक टकरा गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सचिदानंद चौरसिया (38 वर्ष) पुत्र केशव प्रसाद चौरसिया, निवासी सबया बिचला टोला, वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर, थाना कोठीभार, अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान खेखड़ा नाला के पास अचानक एक खच्चर सड़क पर आ गया, जिससे उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

