हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सिसवा बाजार-घुघली रेलवे खंड के पिपरिया ढाला के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:15 बजे स्टेशन अधीक्षक सिसवा बाजार ने गेटमैन की सूचना पर कोठीभार पुलिस को मेमो भेजकर बताया कि सिसवा बाजार और घुघली स्टेशन के बीच रेलवे किलोमीटर 334/14-15 पर एक व्यक्ति मालगाड़ी से कट गया है।
सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान बर्मा शर्मा (35 वर्ष) पुत्र अमला शर्मा, निवासी ग्राम रामपुर बांगर, थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना सामने आया है। घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कोठीभार पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य रही।


