सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने नेपाल से भारत लाई जा रही करीब 2.5 किलोग्राम मेथाक्वॉलोन ड्रग्स बरामद करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही एक महिला के ट्रॉली बैग की नियमित जांच के दौरान बैग स्कैनर में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने बैग की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में बेहद शातिर तरीके से बनाई गई गुप्त जगह से कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाई गई मादक पदार्थ की खेप बरामद हुई।
ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ की पुष्टि मेथाक्वॉलोन के रूप में हुई। बरामद ड्रग्स का कुल वजन लगभग ढाई किलोग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान टी. संग मार्गहिंग (30 वर्ष), निवासी मणिपुर के रूप में हुई है। बरामद मादक पदार्थ और आरोपी महिला को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है और इसे भारत में किस तक पहुंचाया जाना था।
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सतर्कता के बीच इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

