महराजगंज, घुघली। घुघली थाना क्षेत्र के मठिया गांव में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक 18 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो युवक फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सूरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान संगम उर्फ प्रियांशु तिवारी (18) पुत्र यमुना तिवारी, निवासी मठिया, थाना घुघली के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

