महिला को घर में घुसकर पीटा, बचाने आए पति पर भी लाठी से हमला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


भिटौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू


महाराजगंज, भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा तिवारी गांव में एक युवक द्वारा महिला के साथ मारपीट और बीच-बचाव करने आए उसके पति पर लाठी-डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर भिटौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की शाम करीब छह बजे की है। गांव निवासी मेवाती देवी अपने घर में खाना बना रही थीं। आरोप है कि उसी दौरान गांव का सुग्रीव उर्फ सनी शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और दरवाजा पीटने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मेवाती देवी के बाल पकड़कर उन्हें घसीटा और मारपीट की।


महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके पति रामू बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने भिटौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।


भिटौली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सुग्रीव उर्फ सनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *