आईजीआरएस जांच के दौरान हंगामा:  पूर्व प्रधान पर दर्ज हुआ मुकदमा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


राजस्व टीम से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने का आरोप; भिटौली पुलिस ने शुरू की जांच

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली (महराजगंज)। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के दौरान राजस्व विभाग की टीम के साथ कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में भिटौली पुलिस ने ग्राम सभा सिसवा मुंशी के पूर्व प्रधान उमाशंकर चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, लेखपाल ऋषिकेश शर्मा और राजस्व विभाग के कर्मचारी अनिल कुमार मिश्रा 2 जुलाई को ग्राम सभा सिसवा मुंशी में आईजीआरएस शिकायत की जांच के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान सरकारी खाते की भूमि पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण होने की बात सामने आई। आरोप है कि मौके पर मौजूद पूर्व प्रधान उमाशंकर चौधरी ने संबंधित निर्माण कराने की बात स्वीकार की।


राजस्व कर्मचारियों का आरोप है कि जब उन्हें सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और नियमों की जानकारी दी गई तो पूर्व प्रधान आक्रोशित हो गए। उन्होंने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ने पर राजस्व टीम को बिना कार्रवाई पूरी किए वापस लौटना पड़ा।


घटना के बाद लेखपाल ऋषिकेश शर्मा की तहरीर पर भिटौली थाने में पूर्व प्रधान उमाशंकर चौधरी के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


भिटौली के थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *