निजी क्लिनिक में 11 माह की मासूम की मौत, परिजनों का हंगामा,डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल स्थित एक निजी क्लिनिक में बुधवार शाम इलाज के दौरान 11 माह की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।


मृत बच्ची की पहचान मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के परासी नरहल निवासी प्रदीप की पुत्री अनन्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता एक निजी संस्था ‘स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस’ में कार्यरत हैं।


परिजनों के अनुसार, बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे बुधवार सुबह करीब 11 बजे उक्त क्लिनिक लाया गया था, जहां डॉक्टर संजय कुमार सिंह पहले से उसका इलाज कर रहे थे। बच्ची को भांप (नेबुलाइजेशन) दिलाने के लिए भी वहीं लाया गया था।


आरोप है कि इलाज के दौरान अचानक बच्ची की हालत गंभीर हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और क्लिनिक पर हंगामा शुरू कर दिया।


सूचना पर श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह व परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *