पीएचसी श्यामदेउरवा में वैक्सीन सुरक्षा पर सवाल, अस्पताल परिसर के बाहर मिला पोलियो वैक्सीन बॉक्स

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


नाइट ड्यूटी स्टाफ बोला– “यहीं रखा रहता है बॉक्स”, अधीक्षक ने जांच के दिए निर्देश


महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) श्यामदेउरवा में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार की शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल परिसर के बाहर पोलियो अभियान से संबंधित एक वैक्सीन बॉक्स लावारिस अवस्था में रखा मिला। घटना ने वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और कोल्ड चेन व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।


मौके पर मौजूद नाइट ड्यूटी में तैनात नर्सिंग स्टाफ से जब इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि वैक्सीन बॉक्स अक्सर बाहर ही रखा रहता है और जिसे आवश्यकता होती है, वह वहीं से लेकर चला जाता है। स्टाफ का यह जवाब स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े करता है।


गौरतलब है कि पोलियो सहित अन्य टीकों की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए उन्हें निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखना अनिवार्य होता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर के बाहर वैक्सीन बॉक्स का खुले में रखा मिलना नियमों की अनदेखी माना जा रहा है।


मामले की जानकारी मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और टीकाकरण व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *