हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
घुघली/महराजगंज। थाना क्षेत्र घुघली के पुरैना खंडी चौरा स्थित पेट्रोल पंप के समीप बुधवार शाम करीब 7:45 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से आ रही आर-15 बाइक ने पीछे से पैशन प्रो बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पैशन प्रो सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस के जरिए तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल की पहचान मुकेश पुत्र जगदीश, निवासी सहुआपुर, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की है।

