हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महाराजगंज। संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल से एक माह तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने परतावल कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर की।
रैली में शामिल विद्यार्थियों ने स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम और संचारी रोगों से बचाव से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों ने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों के पनपने से रोकने की अपील की।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि पूरे जुलाई माह के दौरान क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग तथा जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

