पंखा लगाते समय करंट लगाने से महिला की मौत, एक सप्ताह में परिवार पर दूसरी बड़ी आफत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अंध्या गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने घर में बिजली का पंखा लगाने का प्रयास कर रही थी। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार, अंध्या गांव निवासी प्रेमशीला (40), पत्नी प्रेम, सुबह घरेलू कार्य के दौरान पंखा जोड़ रही थीं। इसी बीच वह अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत की पुष्टि कर दी गई।


इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि परिवार अभी एक अन्य दुखद घटना से उबर भी नहीं पाया था। मृतका के ससुर हीरा का लगभग एक सप्ताह पहले लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ था और परिवार उनके अंतिम संस्कार से जुड़े कर्मकांड में व्यस्त था। इसी बीच प्रेमशीला की असामयिक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।


लगातार दो पारिवारिक मौतों से घर में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक व्यक्त किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *