हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
धानी बाजार / महराजगंज। तहसील क्षेत्र के धानी बाजार स्थित प्रसिद्ध काक्षेश्वर नाथ शिवमंदिर परिसर में 8 जून से 14 जून तक श्री श्री रामचरितमानस यज्ञ एवं संगीतमय प्रवचन का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
आयोजन के दौरान अयोध्या से पधार रहे परम पूज्य श्री रामदास दयालु जी महाराज श्रद्धालुओं को रामकथा एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का रसपान कराएंगे। सात दिवसीय कार्यक्रम में यज्ञ, भजन-कीर्तन तथा संगीतमय प्रवचन का आयोजन होगा।
आयोजक गोविंद गिरी ने बताया कि कार्यक्रम 8 जून से प्रारंभ होकर 14 जून तक चलेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

