मिशन सेफ फ्यूचर: स्कूल वाहनों की जांच, बिना फिटनेस चल रही बस सीज, तीन वाहनों का चालान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 1 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के तहत मंगलवार को स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित एक स्कूली बस को सीज कर पकड़ी चौकी में निरुद्ध कर दिया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन अन्य वाहनों का चालान किया गया।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) मनोज सिंह एवं यात्री/मालकर अधिकारी राजेश सिंह कुशवाहा ने बिशप एकेडमी स्कूल पहुंचकर स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्कूल के सभी वाहनों के आवश्यक दस्तावेज सही पाए गए। साथ ही वाहनों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर अलार्म तथा खिड़कियों पर सेफ्टी रॉड सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं भी उपलब्ध मिलीं।


अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया कि केवल वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही संचालन कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।


निरीक्षण के साथ ही परिवहन विभाग की टीम ने जिले में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों के खिलाफ भी सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तीन वाहनों का चालान किया गया, जबकि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के चल रही एक स्कूली बस को सीज कर पकड़ी चौकी में खड़ा कराया गया।


एआरटीओ मनोज सिंह ने बताया कि “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के तहत स्कूली वाहनों की जांच एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान 15 जुलाई 2026 तक लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *