निचलौल में तेंदुए का हमला, घर लौट रहे वृद्ध को किया घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र में बुधवार को तेंदुए के हमले से एक वृद्ध घायल हो गए। घटना ढेसो पुल के पास की बताई जा रही है। घायल की पहचान रामप्रीत, निवासी बजही, निचलौल के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार रामप्रीत घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वृद्ध की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए उन्हें तेंदुए के चंगुल से बचाया।
घटना की सूचना पर एंबुलेंस बुलाई गई, जिसके माध्यम से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।


घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की तलाश कर उसे सुरक्षित पकड़ने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *