हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी 
सिसवा बाजार/महराजगंज- नगरपालिका क्षेत्र सिसवा के वार्ड नं 10 बिस्मिलनगर पिपरिया में जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। 
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ग्रामीणों द्वारा प्राचीन शिव मंदिर पर डोल रखकर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना में भाग लिया। शनिवार शाम से मध्य रात्रि तक मंदिर पर गाँव की माता बहनों ने मंगल गीत गाये। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व के अवसर पर शनिवार को पूरा नगर भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर हो उठा। गाँव के कीर्तन समाज के लोगों द्वारा  “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे… हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे” के मधुर संकीर्तन व भक्ति संगीत से नगर गूंजता रहा। रात 12 बजे कृष्ण जन्म के समय जयकारों से पूरा नगर गुजायमान हो उठा। उसके बाद सभी लोगों में प्रसाद वितरण किया गया। भक्तिमय माहौल में लोग झूमते, नाचते और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लेते नजर आए। यह कार्यक्रम जन्म से लेकर छठीहार यानि 6 दिनों तक चलता रहेगा। छठीहार के दिन विधिवत पूजन-अर्चन के बाद ग्रामीणों द्वारा पुरे गाँव में गाजे बाजे के साथ डोल घुमाया जायेगा और शाम को छठ घाट के समीप स्थित पोखरे में विसर्जन के उपरांत कार्यक्रम का समापन किया जायेगा। इस दिन शिव मंदिर पर मेला भी लगता है।     
जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है। यह अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान कृष्ण की लीलाएं सिखाती हैं कि सत्य और धर्म के मार्ग पर चलकर ही जीवन में सफलता मिलती है। यह त्योहार प्रेम, भक्ति और त्याग का प्रतीक है। 
कार्यक्रम में शम्भूनाथ त्रिपाठी, दीनानाथ चौधरी, सुरेंद्र विश्वकर्मा, लालमन गुप्ता, ईश्वर गुप्ता, रामकेवल गुप्ता, सुनील विश्वकर्मा, नितेश चौधरी, विजय चौधरी, अभिषेक तिवारी, संतराज गोंड, सुभाष चौधरी, अखिलेश चौधरी, सुनील शर्मा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।




 
	 
						 
						