ससुर की मौत की खबर सुनते ही बिगड़ी बहू की तबीयत, आधे घंटे बाद मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



एक ही परिवार में आधे घंटे के अंतराल पर दो मौतों से पसरा मातम, एक साथ जली ससुर-बहू की चिता

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सुमेरगढ़ गांव में सोमवार की रात एक ऐसी हृदयविदारक घटना हुई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। सड़क हादसे में घायल राम उग्रह की उपचार के दौरान मौत की खबर सुनकर उनकी बहू मंजू ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। महज करीब आधे घंटे के अंतराल में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार सुमेरगढ़ निवासी राम उग्रह शुक्रवार को बाइक से मंगलपुर चौराहे पर सामान खरीदने गए थे। लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार रात करीब 10:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


राम उग्रह की मृत्यु की खबर जैसे ही घर पहुंची, उनकी बहू मंजू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही करीब रात 11 बजे मंजू ने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि ससुर की मौत का गहरा सदमा वह सहन नहीं कर सकीं।


एक साथ दो मौतों से परिवार में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं के करुण क्रंदन और परिजनों के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो उठा। रिश्तेदार और ग्रामीण शोकाकुल परिजनों को संभालने में जुटे रहे।


एक साथ जली दो चिताएं, नम हुईं आंखें


मंगलवार को बरगदही मुक्ति धाम घाट पर राम उग्रह और मंजू का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। जब एक ही परिवार के दो सदस्यों की चिताएं एक साथ जलीं तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। देर शाम तक घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ लगी रही। बुधवार को भी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।


हैदराबाद में बेटे को मिली दोहरी मौत की खबर


राम उग्रह और मंजू की मौत की हृदयविदारक खबर हैदराबाद में रहकर काम कर रहे अशरफी तक पहुंची तो वह सदमे में आ गया। पिता और पत्नी को खोने की खबर ने उसे भीतर तक तोड़ दिया। वह गांव के लिए रवाना हो गया, हालांकि दोनों के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाने का मलाल उसे जीवनभर रहेगा। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि परिवार पर एक साथ आई इस विपदा ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।


#महराजगंज #परतावल #श्यामदेउरवा #सुमेरगढ़ #हृदयविदारकघटना #दुखदखबर #सड़कहादसा #अंतिमसंस्कार #Maharajganj #MaharajganjLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *