गांव में मूर्ति स्थापना को लेकर मचा बवाल, प्रशासन ने हटवाई मूर्ति माहौल बिगड़ने से पहले संभाला मामला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/महराजगंज ब्यूरो

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कमासिन खुर्द में बृहस्पतिवार की रात अचानक डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगाए जाने से शुक्रवार को गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

गांव में सुअर बाड़े की खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोगों ने बिना अनुमति के मूर्ति स्थापित कर दी थी। सुबह होते ही इसकी जानकारी प्रशासन को हुई तो एसडीएम सदर जितेन्द्र कुमार, सीओ सदर जयप्रकाश त्रिपाठी, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी समेत तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति की नाजुकता को देखते हुए मूर्ति को सुरक्षित हटवाकर पंचायत भवन में रखवा दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खासकर महिलाएं, मूर्ति हटाने का विरोध करने लगीं। प्रशासन ने उन्हें समझाया कि बिना विधिक अनुमति मूर्ति की स्थापना नहीं की जा सकती। अधिकारियों ने साफ कहा कि अनुमति मिलने के बाद ही मूर्ति स्थापित की जाएगी, अन्यथा जबरन स्थापना पर कार्रवाई की जाएगी।

काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति सामान्य हो गई। मौके पर एसओ श्यामदेउरवा अभिषेक सिंह, एसओ भिटौली मदन मोहन मिश्रा समेत प्रशासनिक टीम तैनात रही।

गांव में अब शांति है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *