चोरी के आभूषण, 3,390 रुपये नकद और जेवर खरीद की चार पर्चियां बरामद
हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द गांव में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, 3,390 रुपये नकद तथा जेवरात की खरीद से संबंधित चार पर्चियां बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी वांछित है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस ने कार्रवाई की। 19 अगस्त को सूचना के आधार पर जवाहर लाल इंटर कॉलेज से करीब 300 मीटर आगे नहर रोड के किनारे से मंजेश साहनी (24) निवासी बेलवा टिकर, थाना घुघली और युसुफ अली (21) निवासी करमहा, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सफेद धातु की बिछिया, एक जोड़ी सफेद धातु की पायजेब और आभूषण बेचने के बाद बचे 3,390 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा जेवरात की खरीद से संबंधित चार पर्चियां भी मिली हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में राहुल पाण्डेय उर्फ मयंक पाण्डेय, निवासी हरखपुरा टोला सोनबरसा, थाना घुघली को वांछित किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सभाजीत सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, जियालाल राजभर, रतन जायसवाल तथा रिजर्व कांस्टेबल विशाल गुप्ता शामिल रहे।

