होली को लेकर महराजगंज पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


इसी क्रम में थाना घुघली के एसएचओ के नेतृत्व में कस्बा एवं चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।


पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।


अधिकारियों ने व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं युवा वर्ग से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन का साथ दें और रंगों के इस पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं।


— बिमलेश कुमार पाण्डेय, हर्षोदय टाइम्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *