हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जी.डी. नेशनल स्कूल, धनहा नायक में बुधवार को राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महान चिकित्सक एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. विधान चंद्र रॉय की जयंती एवं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में डॉक्टरों के सम्मान में भाषण, कविता पाठ, लघु नाटक तथा “डॉक्टर का महत्व” विषय पर विचार-गोष्ठी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से समाज में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक श्री चंदन गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में डॉक्टरों ने अपने समर्पण, सेवा-भाव और कर्तव्यनिष्ठा से मानवता की रक्षा कर मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस का उद्देश्य समाज में चिकित्सकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान की सराहना की।

