महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र में होटल से बिरयानी पैक कराने के बाद भुगतान न करने के आरोप में डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कराई, जिसमें पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन और अनुशासनहीनता की पुष्टि होने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा स्थित होटल ताज के संचालक ने आरोप लगाया था कि डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तीन प्लेट बिरयानी पैक कराई, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर होटल संचालक ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भी संबंधित पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले में शामिल संबंधित होमगार्ड के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट भेजी गई है।
होटल संचालक का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई के बाद मामले की विभागीय जांच जारी है।

