आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर युवक की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज।  कोठीभार थाना क्षेत्र के बलहीखोर गांव में मंगलवार सुबह आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पप्पू यादव (35 वर्ष) पुत्र संत यादव, निवासी ग्राम बलहीखोर, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सुबह करीब 9:20 बजे आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मंगलवार करीब 10:30 बजे मेमो के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक को शराब पीने की लत थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *