अचानक हमले से मची भगदड़, पांच की हालत गंभीर; सीएचसी परतावल में चल रहा इलाज
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल बाजार में रविवार की रात मेले की रौनक उस समय दहशत में बदल गई, जब भीड़ के बीच घुसे एक कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने बच्चों, किशोरों और युवाओं समेत करीब 20 लोगों को काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
बताया जाता है कि रविवार रात परतावल बाजार में आयोजित मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान एक कुत्ता भीड़ के बीच पहुंच गया और लोगों को काटना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में कई लोग उसके हमले का शिकार हो गए। घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
कुत्ते के हमले में घायल लोगों को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल पहुंचाया गया। देर रात तक अस्पताल में घायलों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी का उपचार शुरू किया।
सीएचसी परतावल में अंधया निवासी दीपक जायसवाल (9), परतावल बाजार निवासी शाहिल (14), बेलवा निवासी मोनू पटेल (35), नितीश पटेल (25) तथा बनकटिया निवासी सुनील चौधरी (22) का उपचार चल रहा है। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई गई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है। वहीं, करीब 15 अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार, दवा और इंजेक्शन देने के बाद घर भेज दिया गया।
एक साथ इतने लोगों के कुत्ते के हमले का शिकार होने की घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले जैसे भीड़भाड़ वाले आयोजनों में बच्चों और परिवारों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम होने चाहिए। लोगों ने मेले के आसपास आवारा कुत्तों पर नियंत्रण करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।


