शादी का झांसा देकर बेटी से संबंध बनाने का आरोप, कार्रवाई न होने पर पीड़िता पहुंची सीओ फरेंदा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) फरेंदा से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसकी बेटी से शादी का झांसा देकर संबंध बनाने वाले युवक के खिलाफ शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।

पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक ने विवाह का झूठा आश्वासन देकर उसकी बेटी से संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। इस संबंध में कोल्हुई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोपी को केवल थाने बुलाकर समझाइश देकर छोड़ दिया गया। महिला का आरोप है कि उसके खिलाफ कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई।

महिला ने बताया कि उसने पूर्व में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद उसे थाने बुलाया गया, जहां एक महिला कांस्टेबल ने उसके मोबाइल पर आए ओटीपी के माध्यम से शिकायत का निस्तारण कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि कागजों में शिकायत का निस्तारण दिखा दिया गया, जबकि मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की उम्मीद में महिला ने अब क्षेत्राधिकारी फरेंदा को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी युवक लगातार गाली-गलौज कर रहा है तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे परिवार दहशत में है। महिला ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *