श्यामदेउरवा (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सोनिया गांव के एक युवक की सऊदी अरब में सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में 31 वर्षीय संतोष कुमार की मौत की सूचना सोमवार दोपहर परिजनों को मिली, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार सऊदी अरब की राजधानी रियाद में लोडर (भारी वाहन) चालक के रूप में कार्यरत थे। सोमवार सुबह ड्यूटी के दौरान उनका वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से विदेश में नौकरी कर रहे थे। करीब एक वर्ष पहले छुट्टी पर अपने गांव आए थे और अवकाश समाप्त होने के बाद दोबारा सऊदी अरब लौट गए थे।
परिजनों ने बताया कि संतोष के पिता भी सऊदी अरब के हाफर अल-बातिन क्षेत्र में कार्यरत हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। करीब दो वर्ष पूर्व उनका विवाह देवरिया जिले के बैतालपुर थाना क्षेत्र की युवती से हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और आठ माह का एक बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया।
दुर्घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। रिश्तेदार और शुभचिंतक लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। परिजन अब संतोष के पार्थिव शरीर को सऊदी अरब से भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सोनिया में किया जा सके।

