रोहिन नदी के भौराबारी घाट से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भरा गया पवित्र जल

महराजगंज। पनियरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेवास पोखर स्थित आदिशक्ति मां करणी देवी मंदिर पर आयोजित होने वाले श्री-श्री शतचंडी महायज्ञ के लिए सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कन्याएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं।
कलश यात्रा में हाथी-घोड़े, रथ, चारपहिया वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के साथ बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु उत्साह के साथ चलते नजर आए। यात्रा में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया।
यह यात्रा यज्ञस्थल नेवास पोखर से शुरू होकर रामनगर, बड़वार, पनियरा, बसडिला और मगरहिया होते हुए रोहिन नदी के भौराबारी घाट तक पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं द्वारा कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद जल के साथ कलश यात्रा वापस यज्ञस्थल के लिए रवाना हुई।
आयोजकों के अनुसार शतचंडी महायज्ञ के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना व धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। श्रद्धालुओं में यज्ञ को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।

