कार आगे-पीछे करने के विवाद में निकली तलवार, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लखिमा गांव में रविवार देर रात कार आगे-पीछे करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर तलवार निकाल ली। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सूझबूझ और समय रहते किए गए हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।


जानकारी के अनुसार, धनहा नायक निवासी विनय रविवार रात अपने परिवार के साथ कार से गोरखपुर जा रहे थे। लखिमा नहर के समीप पहुंचने पर दूसरी कार सवारों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी कार खड़ी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के कुछ लोग आक्रोशित हो गए और कथित तौर पर तलवार निकालकर मारपीट का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर विनय के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तनाव की स्थिति बन गई।


इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिससे संभावित बड़ी घटना टल गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद दूसरे पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।


श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि कार आगे-पीछे करने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *