डायल 112 के पुलिसकर्मियों पर होटल में बिरयानी खाकर बिना भुगतान लौटने का आरोप, जांच की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


घुघली/ महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा चौराहे स्थित होटल ताज में डायल 112 की पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर बिरयानी खाने के बाद बिल का भुगतान किए बिना लौट जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद होटल संचालक और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी होने की बात भी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि महाराजगंज लाइव वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है


बताया जाता है कि बीती रात पीआरवी वैन होटल पर पहुंची, जहां पुलिसकर्मियों ने बिरयानी का ऑर्डर दिया। भोजन करने के बाद होटल संचालक ने भुगतान मांगा तो कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने पैसे देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई और कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीआरवी पर मौजूद पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जनता की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों से इस प्रकार के आचरण की अपेक्षा नहीं की जा सकती।


इस संबंध में घुघली पुलिस से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। यदि जांच कराई जाती है तो पीआरवी की जीपीएस लोकेशन और उपलब्ध बॉडीवॉर्न कैमरा फुटेज से घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *