हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
चौक बाजार/ महराजगंज। थाना चौक क्षेत्र के धर्मौली ग्राम सभा अंतर्गत डुमरभार टोले के पास स्थित नाथनगर बीट के जंगल में गुरुवार सुबह एक महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान धर्मौली निवासी फूलमती (35 वर्ष) पत्नी इंद्रजीत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण सुबह जंगल की ओर गए थे, तभी उनकी नजर जामुन के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर थाना चौक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी निचलौल अनुरुद्ध कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने मृतका के परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह के कारण महिला के मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
मृतका अपने पीछे पति और तीन पुत्रों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

