रेलवे पुल निर्माण के बाद सड़क पर छोड़ा मलबा, हादसों का बढ़ा खतरा; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। दरौली-टोला अजमतपुर-अगया मार्ग पर रेलवे पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर छोड़ी गई गिट्टी, मिट्टी और निर्माण मलबे ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले करीब दो सप्ताह से सड़क की सफाई न होने के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह मार्ग दुर्घटना संभावित क्षेत्र में बदल गया है।


ग्रामीणों के अनुसार सड़क के मोड़ पर बड़ी मात्रा में गिट्टी और मलबा फैला हुआ है। रात के समय पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेतक नहीं होने से दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं। कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।


ग्रामीण पिंटू सिंह, अजय सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित ठेकेदार से सड़क साफ कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि जल्द ही मलबा नहीं हटाया गया तो ग्रामीण सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करना ठेकेदार की जिम्मेदारी होती है। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए, लेकिन यहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है।


ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, रेलवे के संबंधित अधिकारियों तथा गोरखपुर मंडल के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क से मलबा हटवाने, रात के समय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *