हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
सोनौली (महराजगंज)। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से नौ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़िया टोला सोहनी निवासी सुरेश चौरसिया का पुत्र आयुष चौरसिया (9) सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की नर्सरी (बीया) काटने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। आयुष इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि परिजनों को उसे बचाने का अवसर तक नहीं मिला।
मासूम बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने लगे। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
बरसात के मौसम में हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर आकाशीय बिजली के खतरे को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर काम करने से बचना चाहिए तथा बिजली कड़कने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए।

