परतावल, महराजगंज। साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक को श्यामदेउरवा पुलिस की सक्रियता से बड़ी राहत मिली। साइबर सेल के प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के बैंक खाते में ठगी गई 24,572 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर उपाध्याय निवासी अमरनाथ राय ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह के निर्देशन में गठित साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की।
उपनिरीक्षक अक्षय कुमार सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए ओम प्रकाश, कांस्टेबल राजकुमार तथा महिला कांस्टेबल अनीता पांडेय ने मर्चेंट रिक्वेस्ट मैनेजमेंट (एमआरएम) प्रक्रिया के तहत संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। लगातार प्रयासों के बाद ठगी गई 24,572 रुपये की पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर अमरनाथ राय ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके त्वरित और प्रभावी प्रयासों की सराहना की।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सतर्क रहें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना विलंब संबंधित थाना या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

