10 हजार से अधिक बिजली बिल बकाया पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, सिसवा मुंशी चौराहे पर काटे गए कनेक्शन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

भिटौली/महराजगंज। बिजली बिल बकाया वसूली अभियान के तहत विद्युत विभाग ने रविवार को भिटौली विद्युत उपकेंद्र के सिसवा मुंशी फीडर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने सिसवा मुंशी चौराहे पर 10 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन विच्छेद कर दिए। कार्रवाई के दौरान चौराहे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और दुकानदारों में हलचल मच गई।


विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं को पूर्व में बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, उनके भुगतान न करने पर यह कार्रवाई की गई। लाइनमैन ने पोल पर चढ़कर संबंधित उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। विभाग का कहना है कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और बड़े बकायेदारों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।


विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बकाया बिजली बिल जल्द से जल्द निकटतम सीएससी केंद्र, विद्युत उपकेंद्र अथवा ऑनलाइन माध्यम से जमा कर दें। विभाग ने चेतावनी दी है कि बकाया भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आरसी जारी करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।


कार्रवाई के दौरान एसडीओ/जेई के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि समय पर बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, जबकि बकायेदारों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *