सावित्री पब्लिक स्कूल में सत्रांत समारोह धूमधाम से सम्पन्न, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। नगर पंचायत परतावल में स्थित सावित्री पब्लिक स्कूल में मंगलवार को वार्षिक सत्रांत समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन लक्ष्मी नारायण पाण्डेय, डायरेक्टर बी.के. पाण्डेय, असिस्टेंट डायरेक्टर जया पाण्डेय एवं प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।


समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति पांडे ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं आधुनिक सुविधाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने अभिभावकों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।


समारोह के अंत में अतिथियों एवं शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं की मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *