हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। मानसून की शुरुआत से पहले ही श्यामदेउरवा चौराहे की जलनिकासी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। जाम नालियों के कारण गंदा पानी मुख्य सड़क पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार चौराहे पर मार्कण्डेय के घर के सामने नाली पर रखा स्लैब करीब एक वर्ष से टूटा हुआ है। इसके चलते पैदल चलने वालों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बाइक सवार भी असंतुलित होकर गिर चुके हैं, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई।
श्यामदेउरवा चौराहा आसपास के रामपुर, रामपुर चकिया, बरईठवा, खपरदिकवा, लक्ष्मीपुर, बेलवा, नन्दना, सोहवल और मंसूरगंज समेत अनेक गांवों के लोगों का प्रमुख आवागमन मार्ग है। ऐसे में सड़क पर बह रहा गंदा पानी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदबू और गंदगी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान से नाली की सफाई, टूटे स्लैब की मरम्मत और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। सफाईकर्मी समय-समय पर नाली की सफाई तो करते हैं, लेकिन निकाला गया कचरा किनारे छोड़ देने से कुछ ही दिनों में नाली फिर जाम हो जाती है। इससे मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।
ग्रामीण राजकुमार सिंह, विनोद पाण्डेय, जयंत वर्मा, मंगल चौहान, डब्लू चौहान, रामदयाल चौहान, पन्नेलाल चौधरी, राजू अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अशोक चौहान, जनार्दन चौहान, रामआसरे चौधरी और रामा चौहान समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई, टूटे स्लैब की मरम्मत तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान का कहना है कि चौराहे पर कूड़ा जमा होने के कारण नाली जाम हो रही है। जल्द ही सफाई अभियान चलाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी परतावल अर्जुन चौधरी ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। संबंधित व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई जल्द कराई जाएगी।

