घूसखोरी और अनुशासनहीनता के आरोप में लेखपाल निलंबित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


एक लाख रुपये की अवैध वसूली का आरोप, एसडीएम के सामने हुई तीखी नोकझोंक के बाद कार्रवाई

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


निचलौल /महराजगंज। निचलौल तहसील में तैनात लेखपाल मनीष पटेल को घूसखोरी, अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार के आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी (एसडीएम) द्वारा शिकायत की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने स्थानीय प्रशासन एवं एसडीएम से शिकायत कर आरोप लगाया था कि मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा दो जेसीबी मशीनों को छोड़ने के एवज में लेखपाल द्वारा एक लाख रुपये की धन उगाही की गई। मामले की सुनवाई के दौरान एसडीएम कार्यालय में शिकायतकर्ता और लेखपाल के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।


बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान लेखपाल पर शिकायतकर्ता पक्ष के प्रति अमर्यादित एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल मनीष पटेल को निलंबित कर दिया।


प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शासकीय अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार के आरोप तथा शिकायतकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार को निलंबन का आधार बनाया गया है। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


इस कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं क्षेत्र में भी मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *