संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, बिना सूचना दिए कर दिया अंतिम संस्कार

“रहस्यमयी हालात में विवाहिता की मौत, ससुराल पर हत्या के आरोप”

“दो साल की शादी, तीन दिन पहले विवाद… अब संदिग्ध मौत”

“बिना बताए शव का अंतिम संस्कार, मायके पक्ष भड़का”

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महाराजगंज। गोरखपुर जनपद के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सकनी गांव के चांदनी की शादी श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी जालंधर से हुई थी जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अभी उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थीं।

जानकारी के अनुसार, शादी के बाद पति जालंधर रोज़गार के लिए महाराष्ट्र चला गया था। हाल ही में घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद गहराने लगा और बातचीत तक बंद हो गई। इसी बीच बीते तीन दिन पूर्व चांदनी की अचानक मौत हो गई।

आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दिए बिना ही आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया।

जब चांदनी की मां सरिता ने बेटी से बात करने के लिए फोन किया तो ससुराल पक्ष ने टालमटोल करते हुए बताया कि वह पति के साथ बाहर गई है। शक होने पर मां जब घर पहुंचीं तो ताला लटका मिला। आसपास के लोगों से जानकारी हुई कि शनिवार को ही चांदनी की मौत हो चुकी है।


चांदनी के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले को छिपाने की कोशिश की गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। ससुराल पक्ष ने बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार किया। फिलहाल दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link