हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के गुरली रामगढ़वा के पास रेलवे ट्रैक पर गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे प्वाइंट्समैन अरुण कुमार पटेल द्वारा कोठीभार पुलिस को मेमो के माध्यम से सूचना दी गई कि सिसवा बाजार-खड्डा रेलखंड के बीच किलोमीटर संख्या 324/0-4 पर एक व्यक्ति ट्रेन संख्या 55096 की चपेट में आकर घायल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।
पुलिस की पड़ताल में मृतक की पहचान द्वारिका (65 वर्ष) पुत्र श्यामलाल, निवासी सबया टोला बुचिया, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। स्थानीय लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक को शराब पीने की लत थी। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

