मीटर जीरो करने की बात पर पेट्रोल पंप पर विवाद, युवक ने मारपीट का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बेला हरैया निवासी एक युवक ने पेट्रोल पंप कर्मियों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर थाना बृजमनगंज में तहरीर दी गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेला हरैया निवासी विकास साहनी पुत्र राजकुमार 23 जून की रात अपनी बाइक में पेट्रोल भराने के लिए बृजमनगंज स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। विकास का आरोप है कि उन्होंने पेट्रोल भरने से पहले मीटर को जीरो कर तेल नापने की बात कही, जिस पर पंप कर्मी नाराज हो गए और कहासुनी शुरू हो गई।


पीड़ित के अनुसार, विवाद बढ़ने पर पेट्रोल पंप कर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और कुछ अन्य लोगों को बुलाकर मारपीट की। उनका कहना है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के साथ विवाद और दुर्व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।


पीड़ित विकास साहनी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *