हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर नहर में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान अमेरिका सिंह (75) पुत्र निवासी ग्राम बासपार नूतन, थाना भिटौली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमेरिका सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। शुक्रवार सुबह वह नित्यक्रिया के लिए धर्मपुर की ओर नहर किनारे गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गए।
बताया जा रहा है कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बहकर पिपरा खादर तक पहुंच गए। सुबह ग्रामीणों ने नहर में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई।
थानाध्यक्ष भिटौली ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान दर्ज कर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

